कासगंज। संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद ने पॉलिटेक्निक संस्थानों में रिक्त सीटों को भरने के लिए छात्रों को एक और मौका दिया है। छठवें चरण में प्रवेश के लिए बृहस्पतिवार से प्रक्रिया शुरू हो गई। छात्र सात सितंबर तक ऑनलाइन विद्यालय चयन कर सकेंगे। पहले चरण से पांचवें चरण तक के विद्यार्थियों को इसमें मौका मिलेगा।पॉलिटेक्निक संस्थानों में पांच चरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मुख्य एवं काउंसलिंग के चौथे चरण के ऐसे अभ्यर्थी जो समय से अपने अभिलेख सत्यापित नहीं करा सके, जिन्हें पांच चरणों में सीट का आवंटन नहीं हो सका तथा सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र के वे अवशेष अभ्यर्थी जो पहले से पांचवें चरण तक प्रतिभाग नहीं कर सके, उनके लिए छठे चरण में शामिल होने का मौका दिया गया है। ऐसे अभ्यर्थी सात सितंबर तक ऑनलाइन विद्यालय चयन कर सकेंगे। आठ सितंबर को सीट का आवंटन होगा। 9 से 11 सितंबर तक फीस जमा की जा सकेगी। जबकि 12 सितंबर तक अवशेष फीस जमा होगी। राजकीय पॅालिटेक्निक के प्रधानाचार्य राजन सिंह ने बताया कि छात्रों के लिए छठवें चरण में शामिल होने का विशेष मौका दिया गया है। छात्र निर्धारित समय में अपनी प्रक्रिया पूरी कर लें।