मैनपुरी। जिले में हार्ट के मरीजों की दिक्कतें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। गलनभरी सर्दी के बीच हार्ट के मरीजों की लगातार मौत हो रही है। पिछले 24 घंटे में अलग-अलग क्षेत्र निवासी तीन मरीजों ने दम तोड़ दिया। वहीं चार अन्य को जिला अस्पताल से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया।
भोगांव थाना क्षेत्र के गांव मोटा निवासी 60 वर्षीय बृजनंदन को रविवार की सुबह अचानक हार्ट अटैक पड़ा तो वे गिर गए। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। आलीपुरखेड़ा निवासी इंतीत की 60 वर्षीय पत्नी सहाना को हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भोगांव के ही गांव जमौरा निवासी 65 वर्षीय रामदास शाक्य रविवार की सुबह उठे तो उन्हें हार्ट अटैक पड़ गया। परिजन उन्हें आनन फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की इमरजेंसी में रविवार को ओपीडी के अवकाश के कारण मरीजों की भीड़ दिखाई दी। यहां 17 मरीज भर्ती कराए गए। इनमें चार मरीजों को हार्ट अटैक की दिक्कत होने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया। सीएमएस डाॅ.मदनलाल का कहना था कि दो मरीज मृत अवस्था में लाए गए थे। वहीं एक को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया था उसे रेफर किया जाता इससे पहले ही उसकी मौत हो गई।