मंगोलिया के राष्ट्रपति खल्तमागीन बत्तुल्गा शनिवार को ताजमहल के दीदार के लिए आ रहे हैं। वह लगभग पौन घंटे स्मारक में रहेंगे। प्रदेश सरकार में पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी उनके स्वागत के लिए मौजूद रहेंगे। मंगोलिया के राष्ट्रपति के भ्रमण के दौरान ताजमहल बंद रहेगा। इससे पर्यटकों को परेशानी हो सकती है।
मंगोलिया के राष्ट्रपति राजकीय दौरे पर आएंगे। कार्यक्रम के मुताबिक खेरिया हवाई अड्डे से दोपहर 12 बजे सीधे शिल्पग्राम पहुंचेंगे। यहां से बैटरी बस से ताज का दीदार करने आएंगे।
ताजमहल देखने के बाद दोपहर 12.45 बजे पूर्वी गेट रोड स्थित ताज कन्वेंशन सेंटर में दोपहर का भोजन करेंगे। दोपहर 2 बजे खेरिया हवाई अड्डे के लिए रवाना होंगे। उनके स्वागत के लिए प्रदेश सरकार में पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी पहले ही खेरिया हवाई अड्डे पहुंच जाएंगे। उनके अलावा केंद्र और राज्य सरकार के भी कई अधिकारी मौजूद रहेंगे।