कासगंज। लोकसभा निर्वाचन के लिए जिले में 7 मई को मतदान होगा। चुनाव की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। अब नामांकन का समय नजदीक आ गया है। ऐसी स्थिति में नामांकन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।सोमवार को कलेक्ट्रेट पर अलग-अलग मार्गों पर नामांकन के दौरान कड़ी नाकेबंदी सुनिश्चित करने के लिए बैरिकेडिंग लगाने का काम शुरू कर दिया गया। पुलिस चेकपोस्ट भी बनाई जा रही है। वहीं निर्धारित संख्या में ही प्रत्याशी अपना नामांकन दाखिल करने के लिए नामांकन कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे। डीएम सुधा वर्मा के निर्देश पर एडीएम राकेश कुमार पटेल की देखरेख में व्यवस्थाओं का कार्य शुरू किया गया। 12 अप्रैल को एटा संसदीय सीट के लिए होने वाले चुनावों की अधिसूचना जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम सुधा वर्मा जारी करेंगी। इसी के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 7 दिन तक यह नामांकन प्रक्रिया चलेगी। 19 अप्रैल को नामांकन का अंतिम दिन होगा। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नामांकन की जांच आदि के कार्य आगामी तिथियों में होंगे। नामांकन से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं कलेक्ट्रेट पर होंगी। नामांकन शुरू होने से पूर्व कलेक्ट्रेट परिसर को अच्छी तरह से सजाया जाएगा जिससे लोकतंत्र के उत्सव का माहौल नजर आए। जिलाधिकारी सुधा वर्मा ने नामांकन व्यवस्थाओं में लगे अधिकारियों को नामांकन से जुड़ी व्यवस्थाओं के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सभी कार्य कराए जाएं। किसी भी कार्य में कोई लापरवाही नहीं रहे। ऐसी स्थिति में गाइड लाइन को संबंधित अधिकारी बार बार पढ़ लें और समझ लें।