कासगंज। दो दिन बाद नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। प्रशासन की मंशा है कि नामांकन स्थल को बेहतरीन तरीके से सजाया जाए। कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन कक्ष के बाहर, मैदान और कलेक्ट्रेट भवन के हिस्से को तिरंगे गुब्बारों और फूलों से सजाया जाएगा। वहीं मतदाता जागरूकता स्लोगन लिखे बोर्डों को भी लगाया जाएगा। कलेक्ट्रेट परिसर में बैरिकेडिंग लगाने और सुरक्षा घेरा बनाने का काम तेजी से पूरा किया जा रहा।
मंगलवार को बैरियर आदि लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया। कलेक्ट्रेट गेट से ही बैरियर लगाए गए हैं। तीन स्थानों पर बैरियर क्रॉस करने के बाद प्रत्याशी नामांकन कक्ष तक पहुंच कर अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे। वहीं पुलिस विभाग ने भी सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए हैं। हर बैरियर पर चेक प्वाइंट और वहां पुलिस के साथ पीएसी के जवान तैनात रहेंगे। 11 अप्रैल की शाम तक साज सज्जा का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। 12 अप्रैल को जिला निर्वाचन अधिकारी और जिलाधिकारी अधिसूचना जारी करेंगी और इसके बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।