मैनपुरी। आज जिले के चार केंद्रों पर नीट परीक्षा का आयोजन होगा। परीक्षा के लिए सारी तैयारियां शनिवार को ही पूरी कर ली गई थीं। परीक्षा में 1869 परीक्षार्थी सम्मिलत होने जा रहे हैं। परीक्षा में परीक्षार्थियों का प्रवेश परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले ही बंद कर दिया जाएगा। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी नई दिल्ली द्वारा नीट 2023 प्रवेश परीक्षा का आयोजन जनपद में चार परीक्षा केंद्रों पर आज कराया जाएगा। परीक्षा के सिटी कोआर्डीनेटर डॉ. राममोहन ने बताय कि कुल 1869 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होने जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मेडीकल प्रवेश परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय जिला प्रसाशन से व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर छात्र-छात्राओं को सुबह 11 बजे से प्रवेश दिया जाएगा। 1:30 बजे के बाद किसी भी स्थिति में परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षार्थी इन बातों का रखें ध्यान
परीक्षार्थी अपने प्रवेश-पत्र पर दिये समय एवं निर्देशन के अनुसार केंद्र पर उपस्थित होना सुनिश्चित कर लें। परीक्षा केंद्र में अंदर जाने की अनुमति केवल थर्मल स्क्रीनिंग/सुरक्षा जांच एवं बायोमेट्रिक एवं एडमिट कार्ड सत्यापन के उपरांत ही संभव हो पाएगी । अत: परीक्षार्थी निर्धारित समय से पहुंचकर जांच एवं सत्यापन करवा केंद्र में प्रवेश सुनिश्चित कर लें। परीक्षार्थी अपने साथ अपना एडमिट कार्ड, एक पासपोर्ट साइज का फोटो, एक पोस्ट कार्ड साइज का फोटो एवं फोटो युक्त पहचान पत्र अवश्य लेकर आएं।