कासगंज। गन्ना किसानों का 1.80 करोड़ रुपये के बकाए का जल्द ही भुगतान होगा। गन्ना विभाग ने मिल प्रबंधन के साथ बातचीत की है। मिल में तैयार चीनी की बिक्री करके बकाया का भुगतान कराने के लिए विभाग दबाव बना रहा है।पिराई सत्र 2022-23 का लगभग 6500 गन्ना किसानों का 29.62 करोड़ रुपये का बकाया चल रहा था। इस बकाया के भुगतान की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। दो बार में गन्ना किसानों का भुगतान कराया जा चुका है। जिसमें 2100 किसानों को 4.10 करोड़ रुपये का भुगतान कराया जा चुका है। यह भुगतान 28 दिसंबर तक पर्ची लगाने वाले किसानों का किया गया है। अभी गन्ना किसानों का 25.52 करोड़ रुपये का भुगतान अभी न्यौली चीनी मिल पर बाकी रह गया है। इस बकाया भुगतान कराने के लिए गन्ना विभाग मिल प्रबंधन पर दबाव बना रहा है, जिससे जल्द ही सभी किसानों का भुगतान हो सके। 31 दिसंबर 2022 तक पर्ची लगाने वाले जो गन्ना किसान भुगतान से रह गए हैं। पहले उनका भुगतान कराया जाएगा ऐसे लगभग 2000 किसान हैं। इन किसानों का लगभग 1.80 करोड़ रुपये का भुगतान बन रहा है।