आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर प्रीपेड टैक्सी सेवा सोमवार से शुरू की जाएगी। स्टेशन के प्रीपेड बूथ 22 मार्च से ही बंद चल रहे थे। स्पेशल गाड़ियों के संचालित होने के बाद भी इन्हें नहीं खोला गया था।
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर तकरीबन 300 टैक्सी और ऑटो चालक प्रीपेड बूथ से जुड़े हुए हैं। इन बूथों पर नंबर लगाने के बाद जीआरपी की देखरेख में गाड़ियों का संचालन किया जाता है। अभी ऑटो चालकों को अनुमति नहीं मिली है। केवल टैक्सी चालक ही बूथ से सवारियों को ले जा सकेंगे।
प्रीपेड बूथ से टैक्सी सेवा शुरू कराने के लिए एलटीए के अध्यक्ष अनिल शर्मा काफी समय से प्रयासरत थे। वह सांसद और रेल अधिकारियों से भी मिले थे। इंस्पेक्टर जीआरपी कैंट विजय सिंह ने बताया कि स्टेशन मैनेजर ने उन टैक्सी चालकों को प्रीपेड बूथ से टैक्सी चलाने की अनुमति दी है, जिनका एनसीआर रेलवे में जमा है।
बता दें कि कुछ दिनों पहले टैक्सी चालकों ने आगरा के सांसद राजकुमार चाहर से गुहार लगाई थी, इसके बाद प्रीपेड बूथों को खोलने के लिए सांसद चाहर ने रेल अफसरों को पत्र लिखा था। लोकल टूरिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल शर्मा का कहना है कि टैक्सी व ऑटो चालक बेरोजगार हो गए हैं। ऐसे में वह टैक्स कैसे देंगे। रेलवे को इस टैक्स में छूट देनी चाहिए।