मैनपुरी /किशनी/बेवर/भोगांव/कुसमरा। जिलेभर में बुढ़वा मंगल पर भक्तों ने ब्रत रखकर पूजा पाठ किया। रामभक्त हनुमान के गुणगान से वातावरण गूंजता रहा। शहर से लेकर गांव तक जगह-जगह हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। कई जगह भंडारे का आयोजन कर भक्तों ने प्रसाद वितरित किया।
बुढ़वा मंगल पर शहर में कई स्थानों पर भक्तों ने भंडारे का आयोजन किया। शहर के आगरा रोड, भोगांव रोड स्थित गांव गढि़या और राधारमन रोड स्थित हनुमान मंदिर पर हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। इसके साथ ही गांव रठेरा स्थित शिव मंदिर पर संकीर्तन का आयोजन हुआ। बड़ी संख्या में हनुमान भक्तों ने शिकोहाबाद स्थित बालाजी मंदिर में पहुंचकर बजरंगबली के दर्शन किए। किशनी के अरसारा में स्थित सिद्धपीठ हनुमान मंदिर पर बरसात के बाद भी दर्शन को भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने हनुमान जी के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया।
भोगांव के मोहल्ला मिश्राना में हनुमान चालीसा पाठ के साथ भजन पूजन के उपरांत भंडारे का आयोजन किया गया। नगर के मंदिर सोमेश्वर नाथ, मंदिर हनुमान गढ़ी रेलवे क्रॉसिंग,मोहल्ला पथरिया,मंदिर भोलेनाथ धाम मंदिर जगत नगर सब्जी मंडी आदि में सुबह से हनुमान जी के भक्तों ने हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। कुसमरा के ब्रह्मदेव हनुमान मंदिर, बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर, चरी मेला स्थित मंदिर और रामनगर रोड स्थित गोपाल आश्रम हनुमान मंदिर सहित दर्जनों मंदिरों पर हवन पूजन के साथ सुंदरकांड का पाठ किया गया। बेवर में संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन किया गया और बस स्टैंड परिसर में कन्या भोज का आयोजन हुआ।