जानलेवा हमले के मामले में प्रधान के पति सहित भाई फरार घोषित
बेवर पुलिस ने कराई मुनादी, आरोपियों के घर पर लगाए नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। थाना बेवर क्षेत्र के गांव चंद्रपुर निवासी एक युवक को गोली मारने के मामले में आरोपी प्रधान के पति और भाई को न्यायालय से फरार घोषित किया गया है। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपियों के घर फरार के नोटिस चस्पा कराए। वहीं गांव में मुनादी कराई।
बेवर थाना क्षेत्र के गांव चंद्रपुर निवासी आनंद 15 अगस्त 2022 की रात प्रधान के पति कल्लू यादव से अपने रुपयों का तकादा करने गया था। इस दौरान प्रधान के पति ने अपने भाई झुन्नू और अन्नू के साथ मिल कर उसकी पिटाई की थी। प्रधान के पति ने तमंचा से आनंद के सीने में गोली मार दी थी। उक्त घटना के बाद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था। उक्त मामले में क्राइम ब्रांच की जांच के बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ 15 मई 2023 को गैर जमानती वारंट जारी हुए थे।
वारंट के बाद बेवर पुलिस एक आरोपी झुन्नू यादव को 22 मई को जेल भेज चुकी है। वहीं प्रधानपति कल्लू यादव और भाई अन्नू यादव अभी तक फरार चल रहे हैं। 12 जुलाई को न्यायालय से प्रधानपति व भाई को फरार घोषित कर दिया गया। इसके बाद बेवर पुलिस ने आरोपी प्रधान के पति के घर पहुंच कर फरार के नोटिस लगाए। गांव में आरोपियों के फरारी के संबंध में मुनादी कराई गईं। आरोपी अगर जल्द ही पकड़े न गए या न्यायालय में समर्पण न किया, तो पुलिस कुर्की की कार्रवाई करेगी।