मैनपुरी। निकाय चुनाव ड्यूटी में लगे मतदान कार्मिक रविवार को पोस्टल बैलेट से अपना वोट डालेंगे। सुदिती ग्लोबल एकेडमी में आयोजित कार्मिकों के अंतिम प्रशिक्षण के दौरान ये प्रक्रिया संपन्न की जाएगी। इसके लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदेश जारी कर दिया है। जिले में दस नगर निकायों के लिए चार मई को मतदान होना है। इसमें लगभग साढ़े 12 सौ के करीब मतदान कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है। रविवार को सुदिती ग्लोबल एकेडमी में मतदान कार्मिकों का अंतिम प्रशिक्षण संपन्न होगा। इसी दौरान मतदान ड्यूटी लगे कार्मिकों को पोस्टल बैलेट के माध्यम से मतदान भी कराया जाएगा। संबंधित निकाय के आरओ, एआरओ व अन्य सहायक इस प्रक्रिया को संपन्न कराएंगे। इसके लिए डाक मतपत्र समेत अन्य भी व्यवस्थाएं कराने के आदेश दिए गए हैं। पोस्टल बैैलेट से मतदान के बाद मतपेटिकाओं को सील कर कोषागार के डबल लॉक में सुरक्षित रखवा दिया जाएगा। यहां से मतगणना के दौरान ही मतपेटिकाओं को निकाला जाएगा।
प्रत्याशी या उनके प्रतिनिधि रहें मौजूद
उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि रविवार को प्रशिक्षण के दौरान मतदान कार्मिक पोस्टल बैलेट से वोट डालेंगे। मतपेटिकाओं को सील करने, ले जाने और डबल लॉक में रखवाने के दौरान प्रत्याशी या उनके प्रतिनिधि स्वयं मौजूद रहें, जिससे कहीं भी कोई गड़बड़ी की आशंका न रहे।