कासगंज सदर कोतवाली में घायल सिपाही अपनी चोट दिखाता हुआ।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। जनपद न्यायालय परिसर के गेट पर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी ने एक युवक से बाइक गेट से हटाकर पार्किंग में खड़ा करने को कहा। इसी बात पर युवक बौखला गया और उसने सिपाही के साथ मारपीट कर दी। अन्य पुलिसकर्मियों की नजर मारपीट कर रहे युवक पर पड़ी तो उन्होंने युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। कोतवाली पुलिस ने दोनों का चिकित्सीय परीक्षण कराया है।
युवक राजाराम न्यायालय किसी कार्य से अपनी बाइक से गया था। उसने अपनी बाइक न्यायालय गेट के बाहर खड़ी की। इस पर न्यायालय की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी चंद्र प्रकाश शर्मा ने बाइक पार्किंग में खड़ी करने को कहा। युवक बाइक हटाने को तैयार नहीं था। आरोप है कि इसी बात से उत्तेजित होकर युवक ने सिपाही पर हाथ छोड़ दिया। मारपीट में युवक के हाथ में चाबी का गुच्छा था जिससे सिपाही के चेहरे पर चोट आ गई।
सिपाही ने भी युवक को दबोच लिया। तभी अन्य पुलिसकर्मी भी आ गए और युवक की पिटाई कर दी। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। मारपीट के आरोपी युवक राजाराम निवासी भैंसोरा को पुलिस थाने ले आई। सिपाही का और मारपीट करने वाले युवक दोनों का कोतवाली पुलिस ने चिकित्सीय परीक्षण कराया है।