कासगंज। सिढ़पुरा थाना पुलिस ने पशु चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर पशु चोर के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई करते हुए लोडर गाड़ी जब्त करने की कार्रवाई की है। बरामद की गई लोडर गाड़ी की कीमत पुलिस के द्वारा 15.33 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कार्रवाई के संबंध में बताया कि शातिर अपराधी वसीर खान निवासी मोहल्ला मेवातियान थाना अलीगंज के द्वारा पशु चोरी के अपराध किए जाते रहे हैं। पशु चोरी के अपराध से अर्जित किए गए अवैध धन से उसने लोडर गाड़ी जैसी संपत्ति बनाई। पशु चोरी के मामले में थाना सिढ़पुरा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की और उसे जेल भेजा। गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत पुलिस ने संपत्ति जब्तीकरण के लिए जिलाधिकारी न्यायालय में अनुमति मांगी। जिलाधिकारी ने मामले का परीक्षण करने के उपरांत संपत्ति जब्तीकरण के निर्देश दिए। इन निर्देशों के क्रम में वसीर खान की लोडर गाड़ी सिढ़पुरा पुलिस के जब्त करने की कार्रवाई की है।