करहल। सड़क पर रोते मिले मासूम को पुलिस ने परिजन की तलाश कर मिलवाया। बच्चे को सकुशल देख परिजन के चेहरे पर मुस्कान आ गई। रविवार दोपहर पुलिस को कपिल यादव निवासी गांव अतिकुल्लापुर ने फोन पर सूचना दी थी। बताया कि 5 साल का बच्चा, जो बोल नहीं पा रहा है मदन मोहन स्कूल के पास रोते हुए घूम रहा है। प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने टीम को भेजकर बच्चे को थाने बुलाया। बच्चे को किसी तरह से चुप कराने के बाद फोटो वायरल की गई। देर शाम तक चली खोजबीन के बाद बच्चे के माता पिता का पता चल गया। बच्चे के पिता अनिरुद्ध यादव निवासी तपा की नगरिया थाने पहुंचे। पिता को सामने देख बच्चे के चेहरे पर मुस्कान आ गई। अनिरुद्ध ने बताया कि बच्चे का नाम हरमन है। वह किसी समय खेलते हुए घर से दूर निकल गया था। पुलिस ने बच्चे को पिता की सुपुदर्गी में दिया है।