मैनपुरी। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया। दुकानदारों को निर्देश दिए कि वह अपनी हद में रहें, फुटपाथ पर अतिक्रमण मिलने पर कार्रवाई होगी। साथ ही बाजार में भारी वाहनों के प्रवेश प्रतिबंधित कर जगह-जगह बैरियर लगाए गए हैं।
बाजार में अतिक्रमण और भारी वाहनों के प्रवेश से आए दिन जाम लग रहा था। त्योहारी सीजन में भीड़ अधिक होने से जाम की समस्या और भीषण हो गई। आमजन की इस समस्या को अमर उजाला ने अभियान चलाकर उजागर किया। एसपी कमलेश दीक्षित ने खबरों का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसक्रम में बृहस्पतिवार को कोतवाली पुलिस ने पहले तो अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान दुकानदारों को निर्देश दिए गए कि वो फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें। दोबारा अतिक्रमण मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान हथठेल वालों को भी सड़क से पीछे कराया गया। बृहस्पतिवार को तांगा स्टैंड से लेकर बड़े चौराहे तक सड़क के दोनों और अतिक्रमण हटवाया गया है।
एसपी के निर्देश के बाद नो एंट्री व्यवस्था बाजार में सख्ती से लागू की गई है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने प्रमुख स्थानों पर बैरियर लगाकर भारी वाहनों का प्रवेश रोका। पुलिस की ओर से क्रिश्चियन तिराहा, बड़े चौराहे पर बैरियर लगाया गया है। इसके अलावा लेनगंज जाने वाले मार्ग पर तांगा स्टैंड और घंटाघर पर भी बैरियर लगाए गए हैं। ताकि बाजार में भारी वाहनों का प्रवेश न हो सके। बैरियर पर ट्रैफिक पुलिस के साथ ही होमगार्डों की तैनाती की गई है।
शहर के सदर बाजार, बजाजा बाजार, घंटाघर चौराहा, संता बसंता चौराहा, बड़ा चौराहा पर ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाया। इस दौरान बाजार में पहुंचे ई-रिक्शा और ऑटो के चालान काटे गए। सड़कों के किनारे आड़ी तिरछी खड़ी बाइक सहित अन्य वाहनों का भी चालान यातायात प्रभारी ने किया।
बाजार में यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाएगी। नो एंट्री का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। निर्धारित स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस, पुलिस तथा होमगार्ड की मौजूदगी सुनिश्चित कराई गई है। बाजार में अतिक्रमण मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कमलेश दीक्षित, एसपी