कासगंज। जिला यूपी-112 पीआरवी बुजुर्गों के जीवन के अंधेरे में सवेरा लाएगी। यूपी-112 की ओर से जिले में ऑपरेशन सवेरा चलाया जा रहा है। इसमें एक फोन पर पीआरवी कंपकंपाती हाथों को सहारा देने के लिए पहुंच जाएगी। पुलिस वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण कर यूपी कॉप एप में उनका डाटा फीड कर रही है।यूपी-112 की टैग लाइन ही है ''आपकी सेवा में सदैव तत्पर''। इस वाक्य को सार्थक करने के लिए यूपी-112 ने ऑपरेशन ''सवेरा'' शुरू किया गया है। इस ऑपरेशन के तहत कोई वृद्ध या वृद्धा बीमार है या कोई आपातकालीन समस्या है, उनका अपना मददगार नहीं है। ऐसे में वह यूपी-112 या सौ नंबर पर फोन कर सूचना देगा। इस पर पीआरवी यूपी कॉप एप में पहले से दर्ज बुजुर्ग के आवास पर पहुंच जाएगी। वह तत्काल बुजुर्ग की मदद करेगी। पुलिस बीमार होने पर मरीज को अस्पताल तक पहुंचाएगी। अन्य समस्या को भी दूर करेगी। इसलिए थानेवार बीट सिपाही के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों का ब्यौरा एकत्र किया जा रहा है। बुजुर्ग का पंजीकरण यूपी कॉप एप पर सवेरा अभियान तक तहत दर्ज किया जा रहा है।