खंदौली (आगरा)। पुरानी घटना में एक कारस्तानी से खंदौली पुलिस सवालों के घेरे में आ गई है। सोमवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुआ, जिसमे पुलिस पर एक कारखास के हादसे वाले ट्रैक्टर को बदलने का आरोप लगाया जा रहा है। पोस्ट के साथ एक वीडियो और एक फोटो भी वायरल हो रहा है।
वायरल फोटो व वीडियो में घटना स्थल पर एक पुराना ट्रैक्टर खड़ा है, जो पुलिस की कस्टडी में था। पोस्ट में आरोप लगाया जा रहा है कि पुलिस ने एक कारखास के कहने पर घटना में प्रयुक्त्त ट्रैक्टर को बदल दिया है। पुलिस ने दूसरे ट्रैक्टर को आरोपी से साठगांठ कर थाने पर खड़ा कर लिया है।
आगरा-हाथरस मार्ग पर 9 मार्च को नगला शेखा विशावर निवासी सेना कर्मी सूरज अपनी गर्भवती पत्नी आरती के साथ स्कूटर से आगरा स्थित अपने नए मकान पर जा रहा था। खंदौली कस्बे में लाल मंदिर के पास आलू भरे ट्रैक्टर ट्रॉला ने टक्कर मार दी। हादसे में गर्भवती महिला आरती की मौत हो गई थी। हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर ट्रॉला को मौके पर ही पकड़ लिया था। मामले मे पीडि़त की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था। सोमवार को सोशल मीडिया पर पुलिस की ओर से ट्रैक्टर बदलने की पोस्ट वायरल हो गई। मामले में एसीपी एत्मादपुर सुकन्या शर्मा ने बताया कि घटना संज्ञान में है। अगर ट्रैक्टर को बदला गया है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।