कासगंज। थाना क्षेत्र की दुर्गा कालोनी निवासी एक युवक से टेस्ट ड्राइव करते समय तमंचा लगाकर कार लूटने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कार बरामद कर जेल भेज दिया।
12 जुलाई को दुर्गा कालोनी निवासी युवक उमेश यादव की आनलाइन कार बिक्री के मामले में ओएलएक्स के माध्यम से शुभम व उसके अन्य साथी से बातचीत हुई थी। आरोपी उमेश के घर पहुंच गए और कार की टेस्ट ड्राइव करने को कहा। युवक टेस्ट ड्राइव कराने के लिए नदरई क्षेत्र में पहुंचा तभी आरोपियों ने कार स्वामी से तमंचें के बल पर कार को लेकर रफू चक्कर हो गए। कार स्वामी को कार से गिरा दिया।
घटना की जानकारी पीड़ित ने पुलिस को दी थी। पुलिस ने संज्ञान लेते हुए चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन कार का कोई पता नहीं चल सका था। कार स्वामी ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मंगलवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने नदरई तिराहे से शुभम एवं उसके एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर लिया एवं कार बरामद की। लुटेरों के पास से दो तमंचे भी बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों को इंस्पेक्टर क्राइम शिवशंकर गुप्ता ने टीम के साथ यह कार्रवाई की।
कार लूट के दो आरोपियों को सदर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटी गई कार बरामद हुई है। दोनों बदमाशों के पास से दो तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं- बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी।