सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर में पुलिसबल के साथ भ्रमण करते एसपी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शनिवार की रात अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद प्रदेश में हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया। इसको लेकर मैनपुरी में भी पुलिस अलर्ट मोड पर है। रविवार की सुबह एसपी और एएसपी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पैदल गश्त पर निकले। संवेदनशील स्थलों पर कड़े सुरक्षा बंदोबस्त रहे। करहल, किशनी, भोगांव, कुरावली आदि थाना क्षेत्र में पुलिस सतर्कता बनाए रही।
चप्पे-चप्पे पर पुलिस की कड़ी नजर
पुलिस अभिरक्षा में मेडिकल कराने जाते समय प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद प्रदेश के सभी जिलों में पुलिस सतर्क हो गई। किसी तरह की कोई हिंसा आदि की घटना न हो सके। इसको लेकर एसपी को कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के निर्देश दिए गए। इसी क्रम में रविवार की सुबह करहल, भोगांव, किशनी, कुरावली, घिरोर आदि थाना क्षेत्र में संवेदनशील व मिश्रित आबादी वाले स्थानों पर पुलिस व पीएसी के जवान तैनात रहे।
संदिग्धों की चेकिंग भी की गई
एसपी विनोद कुमार और एएसपी राजेश कुमार ने शहर से लेकर देहात क्षेत्र में पैदल गश्त किया। इस दौरान सभी सीओ के नेतृत्व में भी देर शाम तक पुलिस बल क्षेत्र में गश्त कर नजर बनाए रहा। इस दौरान संदिग्ध लोगों की गतिविधि पर भी पुलिस नजर बनाए रही। इस दौरान संदिग्ध नजर आने वाले लोगों की चेकिंग भी की गई।
डयूटी स्थलों पर की चेकिंग
सुरक्षा के मद्देनजर अधिकारी भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे। एसपी विनोद कुमार और एएसपी राजेश कुमार दिन भर अलग अलग थानों क्षेत्र में ड्यूटी स्थलों का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान तैनात कर्मियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों और आमजन से बातचीत कर स्थिति के बारे में जाना।