करहल। थाना क्षेत्र के गांव नगला गुरदयाल में रविवार की शाम बठिया से उपले निकालने गई एक युवती को किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। परिजन चिकित्सक के पास ले गए, वहां युवती को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद मृतका के घर में कोहराम मचा हुआ है। नगला गुरदयाल निवासी शिवराज की पुत्र रागिनी (18) रविवार की शाम घर के पास लगे बठिहा से उपले निकालने के लिए गई थी। उपले निकालने के दौरान उसे किसी जहरीले कीड़े ने काट लिया। युवती चीखते हुए घर की ओर भागी। किसी जहरीले कीड़े के काटने की जानकारी होने के बाद परिजन चिकित्सक के यहां ले गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही परिजन में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन शव को लेकर घर चले गए।