मैनपुरी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में नियुक्त 30 पीएलवी को सोमवार को दीवानी के न्यायिक सभागार में प्रशिक्षण दिया गया। जिला जज अनिल कुमार ने कहा कि नए पीएलवी प्रशिक्षण में मिली जानकारी से जरूरतमंदों को लाभ दें। उनका काम ही जरूरतमंदों की मदद करना है।जिला जज ने कहा कि जानकारी के अभाव में कई लोग कानून का लाभ नहीं ले पाते हैं। सरकार और न्यायपालिका ने कई ऐसे कानून बनाए हैं, जिनका लाभ समाज के पीड़ित वर्ग को मिलना चाहिए। पीएलवी की जिम्मेदारी है कि समाज में पीड़ित और जरूरतमंदों को कानून का लाभ दिलाएं और उनके लिए पहल भी करें। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिविल जज नम्रता सिंह ने कहा कि लोगों को भरोसा रहता है कि पीएलवी उनके और न्यायपालिका के बीच एक मजबूत कड़ी हैं। पीएलवी के माध्यम से कई पीड़ितों को समय से न्याय भी मिल जाता है। ऐसे में जरूरी है कि पीएलवी अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाएं। लोक अदालत अधिकारी स्पेशल जज ईसी एक्ट मीता सिंह ने कहा कि पीएलवी को काम शुरू करने से पहले प्रशिक्षण दिया जाता है। प्रशिक्षण के माध्यम से उनको कानून और कानून का जरूरतमंदों को लाभ दिलाने की जानकारी दी जाती है। ऐसे में यह जरूरी है कि पीएलवी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाए। इस मौके पर स्पेशल जज पूनम राजपूत, अपर जिला जज अनीता, किशोर न्याय बोर्ड के प्रधान मजिस्ट्रेट एसीजेएम एसके चौधरी, मजिस्ट्रेट शिखा चौधरी, स्पेशल जज चंपत सिंह, कार्यालय प्रभारी आराधना गुप्ता मौजूद रहे।