भोगांव। शादी का एक साल भी पूरा नहीं हुआ था, ससुरालीजन की प्रताड़ना से परेशान नव विवाहिता ने घर के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह सूचना पर पडुआ रोड स्थित घर पहुंची पुलिस ने शव मोर्चरी भिजवाया। ससुरालीजन के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव नवादा निवासी राजेश कुमार ने बताया कि बेटी अनुप्रिया उर्फ शिवा (22) की शादी दो मार्च को भोगांव के पडुआ रोड के पास निवासी सुमित कुमार के साथ की थी। शादी के कुछ दिनों तक तो सब कुछ ठीक रहा लेकिन कुछ समय बाद बेटी ने बताया कि ससुरालीजन दहेज की मांग करते है। उसको शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने पति सुमित, ससुर शैलेंद्र सिंह, दादी सास शीला देवी से बात की। ससुरालीजन नहीं माने। उनकी प्रताड़ना से परेशान होकर बेटी ने शुक्रवार रात फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराया है।