सीआरपीएफ जवान के घर से पिस्टल और नकदी जेवर चोरी
छत पर सो रहे थे परिजन, सीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। भोगांव रोड स्थित एक सीआरपीएफ जवान के घर में बृहस्पतिवार की रात चोरों ने धावा बोला। घटना के समय परिजन छत पर सो रहे थे। चोर लाइसेंसी पिस्टल, लाखों के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। शुक्रवार की सुबह सीओ ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई।
कोतवाली क्षेत्र के भोगांव रोड के पास निवास कर रहे रतिभान सिंह सीआरपीएफ में तैनात हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती झारखंड में है। घर में बिजली का कनेक्शन नहीं होने के चलते गर्मी में सभी परिजन अक्सर छत पर ही सोते हैं। बृहस्पतिवार की रात भी सभी लोग छत पर सो रहे थे। देर रात घर में दाखिल हुए चोर अलमारी में रखी लाइसेंंसी पिस्टल, करीब 50 हजार रुपये की नकदी और करीब दो लाख रुपये के जेवर आदि चोरी कर ले गए। आहट पाकर जब तक परिजन जागे। चोर घर से भाग चुके थे। सूचना मिलने के बाद शुक्रवार की सुबह सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजन से जानकारी ली। खोजी कुत्ते ने भी घटनास्थल पर सुरागकशी की। चोरी की वारदात के संबंध में कोतवाली में तहरीर दी गई है।
राइफल नहीं ले गए चोर
सीआरपीएफ कर्मी के घर में हुई चोरी की वारदात में चोर लाइसेंसी पिस्टल चोरी कर ले गए। वहीं घर से चोरी सूटकेस भी घर से कुछ दूरी पर खाली मिल गया। लेकिन इन सब के बीच लाइसेंसी राइफल घर के कमरे में ही मिली। चोर राइफल व कारतूस चुराकर नहीं ले गए।