कासगंज के अहरौली में क्षतिग्रस्त सीवर पाइप लाइन की मरम्मत करते कर्मी ।
कासगंज। अहरौली में बने एसटीपी प्लांट के लिए बनाई गई सीवर पाइप लाइन की लीकेज पांचवें दिन भी बंद नहीं हो सकी। शुक्रवार को भी कर्मी इसकी मरम्मत में जुटे रहे। लीकेज के चलते प्लांट बंद होने के कारण गंदा पानी री-साइकिल नहीं हो पा रहा है।आगरा जल निगम ने वर्ष 2022 में शहर से निकलने वाले गंदे पानी को री-साइकिल करने के लिए अहरौली के नगला सैय्यद क्षेत्र में नमामि गंगे योजना के तहत 70 करोड़ रुपये की लागत से एसटीपी का निर्माण किया था। सीवर पाइप लाइन में ग्रामीण महानंद के खेत के पास पुन: रिसाव होने लगा। पांचवें दिन शुक्रवार को लीकेज रोकने के लिए मरम्मत कार्य जारी रहा। इसके लिए बुलडोजर की मदद भी ली गई। इस बीच मरम्मत कार्य के चलते सड़क पर गहरा गड्ढा होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कत हो रही है।