नारखी। किसान की बेटी ने पिता के साथ प्रदेश का भी नाम रोशन किया है। गुवाहटी में 11 नवंबर को आयोजित एथलेक्टिस फेडरेशन ऑफ इंडिया की 37 नेशनल जूनियर एथलेक्टिस में लंबी कूद में निधि ने स्वर्ण पदक हासिल किया है। इतना ही नहीं, निधि ने इस स्तर के खेल में 6.12 मीटर लंबी कूदकर रिकार्ड भी बनाया है। अभी तक यह रिकार्ड 6.10 पर था। बेटी की सफलता पर परिजन व ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की।
गढ़ी हंसराम निवासी किसान सतेंद्र शर्मा की बेटी निधि एथलेक्टिस प्रतियोगिता में उप्र. की टीम से शामिल होने के लिए गुवाहटी गई थी। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 वर्ग में 6.12 मीटर लंबी कूद कर जीत हासिल कर ली। इससे पूर्व वह गाजियाबाद, सैफई, कानपुर में भी आयोजित प्रदेश स्तरीय एथलेक्टिस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल कर चुकी हैं।
निधि ने बताया कि जिले में प्रदेश की टीम से पहली बार प्रतिभाग किया था। वह ओलंपिक खेल में देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना चाहती हैं। वह कोच स्वामी चरन से सीख रही हैं। उन्होंने बताया कि इस खेल की शुरुआत पिता ने कराई थी। वह खेतों में लंबी कूद का अभ्यास कराते थे।