कासगंज। ढोलना के गांव जगदीशपुर में सड़क पर नाली का गंदा पानी भर जाने के विवाद में दो समुदायों के लोग रविवार को आमने-सामने आ गए। उनके बीच झगड़ा हो गया। बात मारपीट तक पहुंच गई। दोनों ओर से लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। तीन महिलाओं सहित सात लोग घायल हो गए। सुरक्षा की दृष्टि से गांव में पुलिस तैनात की गई है।रविवार को भोजपुर निवासी मनोज मिट्टी खुदवाकर ट्रैक्टर में भरकर नगला मोती में ले जा रहा था। इस दौरान गांव जगदीशपुर में ट्रैक्टर निकलने से साबिर के घर के सामने गड्ढा हो गया। इसमें नाली का पानी भर गया। इस पर दोनों समुदायों के लोगों के बीच कहासुनी हुई। बात बढ़ी तो दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते उनके बीच लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे। इस दौरान जगदीशपुर निवासी आरिफ, परजाना, अलफिशा, रिहान, किशवरी, रवीना और अल्लाबंदी घायल हो गई। सूचना पर ढोलना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हुआ। एक पक्ष के जगदीशपुर निवासी अमजद ने तारा, मनोज, नीरज, योगेश, भोली, सतेंद्र, साबिंद्र, देवराज निवासी भोजपुर सहित 12 अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर मारपीट व गाली गलौज करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से रामेश्वर निवासी भोजपुर ने नवीशेर, गुड्डू, सलमान, मौजम, नेकसे निवासी जगदीशपुर के खिलाफ मारपीट व गाली गलौज करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।कोतवाली प्रभारी बृजपाल सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था करा दी गई है। ग्राम प्रधान राहुल यादव को बुलाकर नाली और सड़क का निर्माण करवाने के लिए कहा गया है।