कासगंज में काली नदी के समीप कूड़ा डाल रहे पालिका के वाहनों को रोकते लोग।
कासगंज। शहर से निकलने वाले कूड़ा-कचरा को नगर पालिका कर्मियों द्वारा काली नदी के समीप फेंका जा रहा है। इससे गंदगी से ढेर से उठती दुर्गंध को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। बृहस्पतिवार को कूड़ा लेकर फेंकने जा रहे वाहनों को रोककर लोगों ने आक्रोश जताया। अधिशाषी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को अश्वासन देकर मामला शांत कराया। पालिका की क्षेत्र की आबादी करीब एक लाख से अधिक है। वार्डों से साफ-सफाई करने के बाद निकलने वाले कूड़ा-कचरे को पालिका कर्मियों द्वारा बांकनेर क्षेत्र में काली नदी के समीप फेंका जा रहा है। इससे यहां जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए है। इनसे उठती दुर्गंध से लोग परेशान हैं। बृहस्पतिवार को क्षेत्र के लोगों ने कर्मियों द्वारा फेंके जा रहे कूड़े का विरोध किया। लोगों ने वाहनों को रोककर आक्रोश व्यक्त किया। क्षेत्र की मधु, रामवती, केलादेवी, सीमा, देवेंद्र सिंह, जयवीर, नेपाल सिंह, जुगेंद्र सिंह, जितेंद्र सिंह ने बताया कि पूर्व में कई बार शिकायत करने के बाद भी कूड़ा निरंतर इस क्षेत्र में फेंका जा रहा है। गंदगी के ढेर से उठती दुर्गंध से इस मार्ग से गुजरने में काफी परेशानी होती है। जलते कचरे के ढेर से उठते धुंए से सांस लेने में भी लोगों को परेशानी हो रही है। लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। वाहन रोके जाने की सूचना पालिका कर्मियों ने अधिशाषी अधिकारी और सफाई निरीक्षक की दी। सूचना पर वे मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को क्षेत्र में फैले कूड़े के जल्द निस्तारण और सफाई करवाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। ईओ पूजा श्रीवास्तव ने बताया कि याकूतगंज में कचरा निस्तारण केंद्र बनकर तैयार हो गया है। शीघ्र ही मशीनों को स्थापित कर केंद्र काे संचालित किया जाएगा।