फोटो 7- कानपुर-आनंद बिहार एक्सप्रेस की बोगी में चढ़ने का प्रयास करते यात्री। संवाद
मैनपुरी। शहर से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में सीट पाने के लिए यात्रियों को खासी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। ट्रेन में जगह नहीं मिलने के कारण यात्री अपनी जान को जोखिम डालकर बोगी के दरवाजे पर पायदान पर बैठकर यात्रा करने को मजबूर हैं। रविवार को मैनपुरी जंक्शन रेलवे स्टेशन से होकर गुजरी कानपुर-आनंद बिहार साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन में जगह पाने के लिए यात्रियों की भीड़ उमड़ी। ट्रेन में चढ़ने के लिए यात्रियों को बोगियों के गेट पर संघर्ष करते हुए देखा गया।मैनपुरी स्टेशन से प्रतिदिन तीन पैसेंजर ट्रेन और कालिंदी एक्सप्रेस गुजरती है। प्रत्येक रविवार को कानपुर से चलकर आनंद बिहार जाने वाली कानपुर-आनंद बिहार एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव है। रेल गाड़ियों की कम संख्या के कारण ट्रेनों में सीट पाने के लिए यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हर दिन स्टेशन पहुंचने वाली ट्रेनों में सफर करने के लिए यात्रियों को संघर्ष करते हुए देखा जा रहा है। पहले सवारियों को ट्रेन में चढ़ने और उसके बाद सीट पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है।कानपुर से चलकर आनंद बिहार जाने वाली साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन रविवार को अपने निर्धारित समय दोपहर 12.32 बजे मैनपुरी रेलवे स्टेशन पहुंची। जैसे ही ट्रेन प्लेट फॉर्म नंबर एक पर पहुंची, यात्रियों में भागमभाग मच गई। यात्री ट्रेन में स्थान पाने के लिए बोगियों के गेट की ओर दौड़ पड़े। जनरल बोगियों में स्थान पाने के लिए यात्रियों को संघर्ष करना पड़ा। यात्रियों को खड़े होकर और पायदान पर बैठकर यात्रा करना पड़ रहा है।स्टेशन अधीक्षक एचएस मीणा का कहना है कि रेलवे प्रशासन की ओर से लगातार प्रयास कर यात्रियों के सफर को सुगम बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। लेकिन ट्रेनों की कमी और यात्रियों के अधिक संख्या के कारण कुछ समस्या आती है। प्लेटफॉर्म पर भी यात्रियों की सुरक्षा के इंतजाम किए जा रहे हैं।
फोटो 7- कानपुर-आनंद बिहार एक्सप्रेस की बोगी में चढ़ने का प्रयास करते यात्री। संवाद