आगरा के ईदगाह बस अड्डे से बुधवार शाम को तांतपुर जा रही ईदगाह डिपो की रोडवेज बस की स्टेयरिंग सराय ख्वाजा ओवरब्रिज पर फेल हो गई। इससे सवारियों में चीख-पुकार मच गई। चालक ने किसी तरह बस को काबू किया, जिससे बस कुछ दूर जाकर खड़ी हो गई। इसके बाद सवारियां बस से बाहर निकलीं।
बस में थीं 50 से ज्यादा सवारियां
घटना रात करीब आठ बजे की है। ईदगाह डिपो की बस तांतपुर जाने को निकली थीं। इसमें 50 से ज्यादा सवारियां थीं। बस स्टैंड से 500 मीटर की दूरी पर सराय ख्वाजा के पुल पर पहुंचते ही बस का स्टेयरिंग फेल हो गई। इससे बस में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई। चालक ने किसी तरह बस को काबू में किया। बस के रुकते ही सवारियां बाहर निकल आईं। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं। अन्यथा बड़ा हादसा हो जाता।
बस खराब थी, तो भेजा क्यों
तांतपुर के उम्मेद सिंह ने बताया कि चालक मनोहर लाल ने ईदगाह बस स्टैंड से आ रही दूसरी बस के चालक, परिचालक को रोका मगर वह बस को भगा ले गए। यात्री अतिबल सिंह का कहना था कि अगर बस खराब थी तो रूट पर भेजा ही क्यों गया। इससे साफ है कि बसों को बगैर चेक किए निकाला जा रहा है। इस संबंध में ईदगाह के एआरएम ने जानकारी होने से इनकार किया।