आगरा। कोसीकलां और होडल के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन पर निर्माण कार्य के कारण दर्जनों यात्री ट्रेन देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों को ट्रेन का घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि लंबे इंतजार के कारण वे अपने गंतव्य पर देर से पहुंच रहे हैं। मंगलवार को मालवा सुपरफास्ट, उज्जैनी, महाकौशल, उत्कल एक्सप्रेस और झेलम एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें एक से तीन घंटे लेट रही। प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ बढ़ने से अव्यवस्था की स्थिति भी बनी रही। रेलवे के पीआरओ संजय गौतम ने बताया कि तीसरी और चौथी लाइन का निर्माण कार्य भविष्य में ट्रेनों की रफ्तार और क्षमता बढ़ाने के लिए किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद इस रूट पर ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारु और समयबद्ध हो सकेगा।