सोरोंजी में भव्य तरीके से सजाई की पशुपति नाथ की कांवड़ झांकी ।
सोरोंजी। तीर्थनगरी में कांवड़ मेला लगातार परवान चढ़ रहा है। अब श्रावण मास के चौथे सोमवार को भगवान भोलेनाथ का गंगाजल से अभिषेक करने के लिए कांवड़िये तरह तरह की साज-सज्जा के साथ कांवड़ भरकर ले जा रहे हैं। शिकोहाबाद के कांवड़िये भगवान पशुपतिनाथ की झांकी सजाकर बड़ी कांवड़ बनाकर ले गए। यह कांवड़ लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रही।मंगलवार की शाम यह कांवड़ गंगाघाट से भरी गई। पूरी सजधज के साथ कांवड़ यात्रा शुरू हुई। शिकोहाबाद के कांवड़िये भोलेनाथ की जय जयकार करके कांवड़ ले जा रहे थे। जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। संयोजक रवि बंसल व अमन बंसल, उत्कर्ष अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, अमन अग्रवाल सहित 250 से अधिक श्रद्धालु इस कांवड़ यात्रा में शामिल रहे। संयोजक ने बताया कि टुइयां वाले मंदिर शिकोहाबाद पर चढ़ाई जाएगी इसके बाद बटेश्वर मंदिर में कांवड़ चढ़ाई जाएगी। श्रावण मास का चौथा सोमवार 4 अगस्त को पड़ रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में कांवड़िये आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, हाथरस आदि निकटवर्ती जनपदों के अलावा राजस्थान, एमपी के विभिन्न अंचलों से बड़ी संख्या में तीर्थनगरी पहुंचे। तीर्थनगरी में लगे कांवड़ मेला से कांवड़ियों ने बड़ी संख्या में कांवड़, गंगाजली व कांवड़ सजाने का सामान खरीदा। इस बार कांवड़ यात्रा में महादेव का त्रिशूल व डमरू व बड़ी धर्म ध्वजा ले जाते हुए कांवड़ियों की टोलियां नज़र आ रही है। मेले में सभी साइजों की धर्म ध्वजा की भी खासी बिक्री हो रही है, डाक कांवड़ के साथ लेकर जाने वाली सुराहीनुमा लंबी गंगा जली की भी मेले में काफी डिमांड है, यह गंगाजली पीतल, एल्यूमिनियम, स्टील धातुओं की बिक रही है।