साझीदार पर लगाया धोखाधड़ी करने का आरोप
तीन के विरुद्ध कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। नगला पाई निवासी एक व्यक्ति से साझीदार ने लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर ली। जानकारी होने के बाद पीड़ित की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई। तीन लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला पाई निवासी सुभाष राजपूत ने बताया कि उसने अपने पार्टनर राहुल कुमार निवासी हिंदपुरम कॉलोनी के साथ एक जमीन का सौदा किया था। आठ दिसंबर 2022 को श्याम सुंदर और सोनू निवासी गढिया से 30 लाख रुपये में रमईहार में रजिस्टर्ड इकरारनामा कराया था। 7.50 लाख रुपये श्याम सुंदर और सोनू ने लिए थे। कहा था कि जमीन बिकने के बाद वापस कर देंगे। एग्रीमेंट के अनुसार 25 लाख रुपये नकद दिया और पांच लाख रुपये छह माह में दिया जाना शेष था। 21 अप्रैल 2023 को राहुल ने उनसे 10 लाख रुपये किसानों को देने के नाम पर ले लिए थे। राहुल ने धोखाधड़ी करते हुए बिना बताए छह जून को श्याम सुंदर, सोनू से मैन रोड के पूरे फ्रंट का बैनामा करा लिया। जब इस बारे में पूछा तो गालीगलौज करते हुए झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। उक्त तीनों लोगों द्वारा उसके साथ धोखाधड़ी की गई। सुभाष का कहना है कि अगर न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या करन का मजबूर होगा। कोतवाली पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।