ताजनगरी आगरा में श्रावण मास के दूसरे सोमवार को बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों में गजब का उत्साह दिखाई दिया। रविवार की शाम से परिक्रमा शुरू हुई। दो साल के बाद होने वाली परिक्रमा के लिए परिक्रमार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। माथे पर तिलक, कंधे पर गमछा डाले भक्त नंगे पैर ही पथरीली डगर पर निकल पड़े। चारों दिशाएं हर हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो उठीं। बल्केश्वर मंदिर, कैलाश मंदिर, राजेश्वर मंदिर और मन: कामेश्वर मंदिर पर भक्तों का हुजूम लगा रहा। परिक्रमा पूरी करने के बाद भक्त उसी मंदिर पर जलाभिषेक करके विराम देंगे। शहर में रविवार से ही शिव मंदिर परिक्रमा को लेकर रूट डायवर्जन किया गया था। पुलिस भी लगाई गई लेकिन जाम से लोगों को मुश्किल हुई। हाथी घाट पर एक घंटे तक वाहन फंसे रहे। आसपास के अन्य इलाकों में भी लोगों को समस्या का सामना करना पड़ा। शहर में राजेश्वर महादेव मंदिर, बल्केश्वर महादेव, कैलाश और पृथ्वीनाथ मंदिर पर श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसको देखते हुए रूट डायवर्जन किया गया था। परिक्रमा मार्ग पर किसी वाहन को नहीं निकलने दिया जा रहा था।