आगरा। महाराष्ट्र के पुणे स्थित श्रीशिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 8 से 11 जुलाई तक आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में पंखुड़ी मेहरा ने कांस्य पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया। पदक जीतकर शहर लौटने पर दयालबाग स्थित स्वामी बाग स्कूल में साथी खिलाड़ियों ने पटका पहनाकर स्वागत किया। जिला ताइक्वांडो संघ के कोषाध्यक्ष योगेंद्र वार्ष्णेय ने बताया कि पंखुड़ी ने वरिष्ठ पूमसे व्यक्तिगत वर्ग के क्वार्टर फाइनल में 8.44 और सेमीफाइनल में 8.10 औसत अंक प्राप्त कर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। संघ के उपाध्यक्ष डॉ. यूके शर्मा, रमेश चंद्र शर्मा, योगेंद्र वार्ष्णेय, संगीता शर्मा, पंकज शर्मा, नरेंद्र शर्मा, अमित शर्मा, मधु शर्मा, संतोष ने बधाई दी।