सोरोंजी। ब्राह्मण कल्याण सभा के तत्वावधान में रविवार को शूकरक्षेत्र की पंचकोसी परिक्रमा का आयोजन सोमवार को किया गया। नववर्ष की प्रथम पौष मास की कृष्ण पक्ष एकादशी सफला एकादशी के अवसर पर आयोजित हुई इस परिक्रमा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान वराह और मां गंगा के जयकारे लगाते हुए परिक्रमा लगाई। सोमवार को सुबह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरि की पौड़ी स्थित वराह घाट पहुंचे। हरि की पौड़ी गंगा में स्नान कर वराह मंदिर में पहुंचकर पूजा अर्चना की। सुसज्जित पालकीनुमा कांवड़ में गंगा वराह की मूर्ति रखकर श्रद्धालुओं ने भगवान वराह व मां गंगा के जयकारे लगाते हुए पंचकोसी परिक्रमा प्रारंभ की। श्रद्धालु ढोलक, मंजीरा बजाते हुए हरि नाम का संकीर्तन करते परिक्रमा पथ पर आस्था के पग बढ़ाते चले जा रहे थे। परिक्रमा संयोजक शरद कुमार पांडे ने कहा कि सफला एकादशी का व्रत करने साधकों को धर्म एवम मोक्ष की प्राप्ति होती है तथा श्री हरि विष्णु के साथ धन की देवी लक्ष्मीजी की भी विशेष कृपा प्राप्त होती है। श्रद्धालुओं ने परिक्रमा मार्ग पर स्थित सूर्य कुंड, सीतारामजी मंदिर, सिद्धपीठ बटुकनाथ, चंद्रकूप, 84 घंटे वाली मैया, बाछरु देव, सिंगल वाले महाराज, भागीरथी गुफा, वनखंडेश्वर महादेव, करुआदेव आदि मंदिरों में पहुंचकर भजन कीर्तन किए।