मैनपुरी। शहर के कचहरी रोड पर एचपी गैस एजेंसी के पास लगे हैंडपंप को रातोंरात गायब कर दिया गया। हैंडपंप को जड़ से उखाड़ने के बाद वहां मिट्टी डाल दी गई है। शिकायत जिलाधिकारी से की गई है। नगर पालिका ने कार्रवाई का निर्णय लिया है।
पिछले वर्ष लोगों की तहसील दिवस में मांग के बाद कचहरी रोड पर सेंटीनियल चर्च के सामने सड़क के किनारे हैंडपंप लगाया गया था। चार अगस्त को जब सुबह मोहल्ले के लोग और दुकानदार यहां पानी भरने पहुंचे तो देखा कि हैंडपंप गायब है। स्थानीय निवासी राजकुमार का कहना था कि नगर पालिकाकर्मी हैंडपंप को उखाड़ ले गए। वहीं चंद्रशेखर का कहना था कि सरकारी जगह में लगे हैंडपंप को रात के अंधरे में उखाड़ दिया गया है। प्रवीन कुमार, नेकसेलाल, अनिल कुमार, सोनू ने जिलाधिकारी से शिकायत की है। पालिका के कार्यालय प्रभारी वरुण मिश्रा ने बताया कि एक व्यक्ति ने हैंडपंप को उखाड़ा है। निर्देश दिए हैं कि वह स्वत: हैंडपंप को लगवा दे अन्यथा सोमवार को कोतवाली में तहरीर देकर एफआईआर कराई जाएगी। ईओ लालचंद भारती का कहना है कि नगर पालिका ने हैंडपंप नहीं उखड़वाया है। संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने छोड़े आरोपी
स्थानीय लोगों की मानें तो दो आरोपियों को पांच अगस्त को पुलिस ने पकड़ लिया था। बाद में दोनों को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया गया। पुलिस की इस कार्यप्रणाली पर लोगों ने एसपी को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।