कासगंज। मनरेगा कार्यों के भुगतान पर रोक दिए जाने से ग्राम प्रधानों में आक्रोश है। ग्राम प्रधानों ने इसे हटवाने की मांग की है। वहीं प्रदर्शन कर ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
जिलाध्यक्ष वीके राजपूत ने कहा कि कुछ ग्रामों में पक्के कार्यों को करा दिया गया है। जिसके कारण सभी ग्राम पंचायतों के भुगतान को रोक दिया गया है जो न्यायपूर्ण नहीं है। जहां कार्यों में गड़बड़ी है वहां के भुगतान को रोककर शेष सभी ग्राम पंचायतों के भुगतान से रोक को हटाया जाए, जिससे दिक्कतें न हों। कार्यों के लिए जिन बिक्रेताओं से सामान की खरीदारी की गई थी, वह बार बार चक्कर लगा रहे हैं। जिससे ग्राम प्रधानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र रोक हटाई जाए और भुगतान करने की अनुमति दी जाए। जिससे आगे के कार्यों में सुगमता बनी रही। ग्राम प्रधानों ने कलेक्ट्रेट पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। वहीं जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।