मैनपुरी। विद्युत विभाग में कार्यरत फिरोजाबाद निवासी एक महिला कर्मी से ऑनलाइन ठगी की गई। क्रेडिट कार्ड अपडेट करने के बहाने साइबर ठग ने गोपनीय जानकारी लेकर खाते से एक लाख रुपये पार कर दिए। पीड़िता की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई, मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है।
जनपद फिरोजाबाद के सुहाग नगर निवासी राधा यादव विद्युत विभाग में वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार को उनके फोन पर एक कॉल आई, कॉलर ने बताया कि वह बैंक का अधिकारी बोल रहा है। कहा कि उनका क्रेडिट कार्ड अपडेट किया जाना है, इसलिए अपने कार्ड का नंबर बताएं। साइबर ठग की बातों में आकर राधा देवी ने उसे नंबर बता दिया, इसके कुछ देर बाद ही खाता से 1.13 लाख रुपया गायब कर दिए। मेसेज आने के बाद पीड़िता को जानकारी हुई, कोतवाली में प्रार्थनापत्र दिए जाने के साथ ही एसपी से भी शिकायत की गई, मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई है।