सोरोंजी। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। कांवड़िये भी गंगाजल से अभिषेक करने पहुंचे। वहीं शिवमंदिरों में शिव विवाह के आयोजन किए गए। इस दौरान मंदिर परिसर बम-बम भोले के जयकारों से गूंजते रहे। लहरा घाट और हरि की पौड़ी घाट पर स्नान को श्रद्धालु अलसुबह से ही पहुंचने लगे थे। गंगास्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगाजल लेकर तीर्थनगरी के शिवालयों में भोलेनाथ का अभिषेक किया। बेलपत्र, धतूरा आदि से विधिवत पूजन किया। श्रद्धालुओं ने शिव स्त्रोत, शिव चालीसा, महामृत्युंजय मंत्र का जाप किया। वहीं शाम के समय शिव विवाह गायन के कार्यक्रम हुए। शिवालयों को सजाया गया। सोमेश्वर, योगेश्वर, भूतेश्वर, मनकामेश्वर, लहरेश्वर, दूधेश्वर, रूपेश्वर, कटरेश्वर, नीमेश्वर, कालीशंकर महादेव, नर्मदेश्वर, महाकालेश्वर, वनखंश्वर आदि शिवालयों पर दिन भर शिवभक्तों की भीड़ जुटती रही।