फिरोजाबाद जनपद के थाना जसराना के गांव बझेरा बुजुर्ग में सर्दी से बचने के लिए लगाई आग से निकली चिंगारी ने झोंपड़ी को जलाकर राख कर दिया। इस हादसे में झोंपड़ी में बैठे दिव्यांग बुजुर्ग भी जिंदा जल गए। लोगों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें: यूपी: नोटबंदी में तीन सौ करोड़ की हेराफेरी के आरोपी ने पत्नी-बच्चे सहित खुद को गोली मारी, मौत
बझेरा बजुर्ग निवासी 70 वर्षीय दिव्यांग कुंवर प्रसाद पुत्र दुर्जन सिंह घर के पास बनी झोंपड़ी में सोते थे। बुधवार की अलसुबह सर्दी होने पर उन्होंने एक लोहे के तसले में आग जला ली। वहीं तापते समय अचानक आग से निकली चिंगारी ने झोंपड़ी को जलाकर राख कर दिया।
ये भी पढ़ें: तीन बच्चों के पिता ने दसवीं की छात्रा नाम बदलकर किया प्यार का नाटक, फोटो खींच किया दुष्कर्म
आग की लपटों को देख वृद्घ चीखने चिल्लाने लगे। वृद्घ की चीखें और झोंपड़ी से निकलने वाली आग की लपटों को देख ग्रामीणों की भीड़ लग गई। आग की लपटों को देख कोई भी व्यक्ति पास जाने का साहस नहीं कर सका।
जब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया वृद्घ की जलने से मौके पर ही मौत हो गई। आग के कारण झोंपड़ी में रखा घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया। मृतक के पौत्र रासबिहारी ने बताया कि उसके बाबा पैरों से चल नहीं पाते थे। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।