कासगंज। शनिवार की देर सायं सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध ग्रामीण की मौत हो गर्ई। वृद्ध की मौत से परिवार में चीत्कार मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। हादसे में मृत कांता प्रसाद (60) बंगसनगर के निवासी थे। बताया गया कि रात के समय वह गांव में आयोजित एक प्रीतिभोज कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए गए थे। कार्यक्रम के उपरांत वह शौच के लिए खेत की तरफ जा रहे थे। सड़क पार करने के दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से मय गाड़ी के फरार हो गया। इस घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों ने वृद्ध के परिजनों को इससे अवगत कराया। परिजन भाग कर मौके पर पहुंचे। साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस वृद्ध के शव को कब्जे में लेकर पास्टमार्टम के लिए भेज दी। सिकंदरपुर वैश्य के थाना प्रभारी विनोद यादव ने बताया कि वृद्ध को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। पुलिस अज्ञात वाहन का पता लगा रही है।