उत्तर प्रदेश के एटा जिले में एंबुलेंस में एक वृद्ध की मौत हो गई। वृद्ध के परिजनों का आरोप है कि एंबुलेंस में वृद्ध को ऑक्सीजन नहीं लगाई गई थी, जिस वजह से मौत हुई। मामले में सीएमओ ने जांच कमेटी गठित की है। दो दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
शहर के मोहल्ला शांतिनगर निवासी 60 वर्षीय दया सिंह की सोमवार की रात हालत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज आए थे। यहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया था। वृद्ध के परिजनों का आरोप था कि कॉलेज में उन्हें ऑक्सीजन लगाई गई। चिकित्सक द्वारा रेफर किया गया। जहां 108 एंबुलेंस आई, इस पर मरीज को बिना ऑक्सीजन लगाए ले जाया गया था। लापरवाही के कारण वृद्ध की मौत हुई है। परिजन ने एंबुलेंस के ईएमटी की पिटाई कर दी थी।
ये भी पढ़ें - पत्नी के लिए गंवाई जान: करंट लगने से छटपटा रही थी घरवाली, मौत के मुंह से खींच लाया पति; दृश्य देख कांप गए लोग
तीन सदस्यीय कमेटी करेगी जांच
सीएमओ ने मामले में तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। वहीं सीएमओ ने एंबुलेंस प्रभारी से मामले में जानकारी ली। सीएमओ डॉ. उमेश त्रिपाठी ने बताया प्रथम दृष्टया वृद्ध की मौत एंबुलेंस के बाहर होना पाया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। कोई दोषी पाया जाता है तो कार्रवाई की जाएगी।
पहले ही हो गई थी मरीज की मौत
एंबुलेंस संचालन अधिकारी अर्जुन सिंह का कहना है कि मृतक के परिवारीजन शराब के नशे में धुत थे। ईएमटी को बेवजह से पीटा गया। चिकित्सक कह चुके थे कि वृद्ध की मौत हो चुकी है। इसके बाद भी एंबुलेंस कर्मियों पर गुस्सा उतारा। ईएमटी पर हमला करने वालों के खिलाफ तहरीर दी गई है।