मैनपुरी। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया है। ज्ञापन में कहा है कि स्थानीय समस्याओं का संबंधित अधिकारी निराकरण नहीं कर रहे हैंं। ज्ञापन में समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई है।
बुधवार को सपा जिलाध्यक्ष पूर्व मंत्री आलोक शाक्य के नेतृत्व में पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे। नारेबाजी करने के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन डीएम को दिया। ज्ञापन में कहा है कि नालों की सफाई नहीं होने से हुए जलभराव के कारण किसानों की फसल बर्बाद हुई है। ब्लाॅक करहल और सुल्तानगंज में कई स्थानों पर पुलिया का निर्माण नहीं हुआ है। बारिश के चलते कई सड़कें खराब हो चुकी हैं। शहर से लेकर देहात तक अघोषित और अनियमित बिजली कटौती की जा रही है। छुट्टा जानवरों के कारण कई लोग मर चुके हैं।
ज्ञापन में कहा है कि सरकार के संरक्षण में भू माफिया जमीनों पर कब्जे कर रहे हैं। पुलिस झूठे मुकदमे लिखकर लोगों का उत्पीड़न कर रही है। अस्पतालों में डॉक्टर समय से नहीं बैठते हैं। जिले में हर मार्ग पर जमकर डग्गामारी की जा रही है। ज्ञापन में समस्याओं का समाधान कराने की मांग की गई है। विधायक किशनी ब्रजेश कठेरिया, एमएलसी मुकुल यादव, ज्योती मैसी, एएच हाशमी, रामनरायन बाथम, हरिपाल सिंह, संतराम यादव, सनोज पाल, राजू चौधरी मौजूद रहे।