कासगंज। जिलाधिकारी सुधा वर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण चुनाव प्रक्रिया का महत्वपूर्ण अंग है, इसे गंभीरता से लें। सभी अधिकारी टीम भावना के साथ कार्य करें। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का शतप्रतिशत पालन करें। वे मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मास्टर ट्रेनरों को निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को आगामी लोकसभा चुनाव के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दे रहीं थीं। इस दौरान 62 मास्टर ट्रेनरों को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदान के दौरान आने वाली समस्याओं, पीठासीन अधिकारी की डायरी, एरोक्रॉस सील, मतपेटिका, टेंडर वोट, चैलेंज वोट, मॉकपोल प्रक्रिया, निर्वाचन प्रपत्र, निर्वाचन सामग्री आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त कर लें। प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनरों द्वारा ही मतदान के लिए तैनात समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी कार्मिक सचिन ने कहा कि सभी मास्टर ट्रेनर पूर्ण प्रशिक्षित होकर अन्य निर्वाचन कार्मिकों को प्रशिक्षण देंगे। आयोग के निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें। जिला प्रशिक्षण अधिकारी से समन्वय बनाकर नियमों की पूरी जानकारी कर लें। एडीएम एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने कहा कि पीठासीन व मतदान अधिकारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देते समय किसी भी दशा में कोई गलती न करें।