कासगंज। जिला अस्पताल में जल्द ही मरीजों के थ्रीडी कलर डापलर से मरीजों के अल्ट्रासाउंड किए जाएंगे। गर्भवती महिलाओं, पेट के रोगियों के अलावा नेत्र व हृदय का अल्ट्रासाउंड भी नई मशीन से हो सकेंगे। अस्पताल के लिए एक नई अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराई गई है। इससे मरीजों को काफी लाभ मिलेगा। जिला अस्पताल में गर्भवती महिलाओं एवं पेट के रोगों से जुड़े मरीजों के लिए एक अल्ट्रासाउंड मशीन लगी हुई है। यह मशीन एक दशक पुरानी है। अस्पताल पर एक दिन में 40 से 50 तक गर्भवती महिलाएं व पेट से जुड़े मरीज अपना अल्ट्रासाउंड कराने के लिए आते हैं। इस मशीन से ब्लैक एवं व्हाइट तस्वीर ही निकल पाती है। इससे मरीज की बीमारी का सही आकलन करने में दिक्कत होती है। अब जिला अस्पताल में आधुनिक तकनीक पर आधारित नई मशीन जिला आई है। इससे पेट के रोगियों की सोनोग्राफी हो सकती है। लीवर में संक्रमण, किडनी में खराबी, नसों में गांठ पड़ जाना, गर्भवती महिलाओं की माहवारी में गड़बड़ी, गर्भ में शिशुओं के गले में नाल फंस जाने, नेत्र आदि की जांच आसानी से हो सकती है। कलर डॉप्लर अल्ट्रासाउंड मशीन से धमनियों के अंदर तक रक्त प्रवाह की जानकारी मिल सकेगी। इसके साथ ही यह मशीन इको का काम भी करेगी। जिससे हृदय रोगियों की जांच आसान होगी।