कासगंज। चुनाव आचार संहिता शनिवार को अपराह्न के बाद निर्वाचन आयोग के द्वारा लागू कर दी गई। आचार संहिता लागू होने के कारण अब जन समस्याओं के निस्तारण के लिए लगने वाले संपूर्ण समाधान दिवस एवं थाना दिवस के आयोजन नहीं हो सकेंगे। आचार संहिता लागू रहने तक इन आयोजनों पर रोक रहेगी। आचार संहिता लागू होने से से पूर्व शनिवार को सहावर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान 25 शिकायतों में से 6 का निस्तारण किया गया जिलाधिकारी सुधा वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने तहसील सहावर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं व शिकायतों को सुना। इस दौरान विभिन्न मामलों से संबंधित 25 शिकायतें पहुंची। जिनमें से 6 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में ग्राम गुनार, जाटऊ एवं रोशन नगर में चकरोड से अवैध कब्जा हटवाकर उसे खुलवाने की शिकायत की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित राजस्व निरीक्षक और लेखपाल को निर्देश दिये कि पुलिस के साथ मौके पर जाकर चकरोड की पैमाइश कराकर रास्ता खुलवाएं। ग्राम बरी खेड़ा व जमालपुर में भूमि पर से अवैध कब्जा हटवाने, अवैध कब्जे से मुक्त कराने आदि की शिकायतें की गईं। जिलाधिकारी ने राजस्व कर्मियों को तत्काल मौके पर जाकर अवैध कब्जा हटवाने के निदेश दिए। सहावर के विद्युत उपभोक्ताओं ने अधिक राशि के बिल आने, बिल जमा होने के बाद भी कनेक्शन काटने आदि की शिकायतें कीं। विद्युत विभाग को प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।