कुरावली। कभी पानी के लिए एक-दूसरे से झगड़ने वाली देवरानी-जेठानी अब एक ही नल पर पानी भरेंगी, उनके बीच चली आ रही तकरार सोमवार को मिशन शक्ति केंद्र पर थाना प्रभारी ने सुलह के बाद खत्म करा दी है, उन्हें रिश्तों का महत्व भी समझाया।थाना क्षेत्र के गांव फतेहजंगपुर निवासी रीता देवी देवरानी और बेबी जेठानी हैं, दोनों के बीच एक नल से पानी भरने को लेकर विवाद हो गया। कुछ दिन पहले उनके बच्चों के बीच नल से पानी भरने को लेकर झगड़ा हो गया था। जिसकी शिकायत दोनों ने थाने में दी थी। सोमवार को प्रभारी निरीक्षक ने दोनों को थाने पर बुलाकर बात की। दोनों एक-दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे, तब प्रभारी निरीक्षक ललित भाटी ने उन्हें रिश्तों का महत्व समझाते हुए बच्चों को भी झगड़े में शामिल नहीं करने की सलाह दी। रिश्तों को तोड़ने में नहीं बल्कि संजोने का प्रयास करें, ताकि आपके जाने के बाद परिवार खुशहाल जीवन जी सके। प्रभारी निरीक्षक देवरानी-जेठानी की समझ में आ गईं और दोनों ने अब कभी भी विवाद न करने की फैसला लिया। दोनों ने एक-दूसरे से माफी मांगते हुए भविष्य में हमेशा साथ रहने का भरोसा दिलाया और खुशी खुशी घर चली गईं।