मैनपुरी। बोर्ड परीक्षा मानक में बदलाव किए जाने के बाद जिले के सभी कॉलेजों को एक सप्ताह में आधारभूत सुविधाओं को अपडेट करने के निर्देश दिए गए थे। एक सप्ताह बाद भी जिले के 304 कॉलेजों ने आधारभूत सुविधाओं को अपडेट नहीं किया है। इसके चलते बोर्ड परीक्षा के केंद्र निर्धारण की तैयारियां लटकी हुई हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने संबंधित कॉलेजों को नोटिस जारी कर जल्द जानकारी अपडेट करने के निर्देश दिए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा 2024 केंद्र निर्धारण की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। एक सप्ताह पूर्व माध्यमिक शिक्षा परिषद ने नए मानक के अनुसार आधारभूत सुविधाओं को अपडेट करने के निर्देश प्रधानाचार्यों को दिए थे। लेकिन अभी तक जिले के 304 कॉलेजों ने आधारभूत सुविधाओं की जानकारी अपडेट नहीं की है। इसके चलते बोर्ड में आगे की प्रक्रिया रुकी हुई है।
बोर्ड से 10 अक्तूबर तक ऑनलाइन केंद्र निर्धारण किए जाने की तैयारी है। इसके बाद जिला स्तरीय टीम केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर अपनी रिपोर्ट भेजेगी। ऐसे में आधारभूत सुविधाएं अपडेट न होने से आगे की प्रक्रिया लटक गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के सभी कॉलेजों को जल्द जानकारी अपडेट किए जाने के निर्देश दिए हैं।
ये जानकारी करनी होंगी अपडेट
-विद्यालय के पास कितने कक्षा कक्ष हैं
- विद्यालय में इंटरनेट सुविधा की क्या स्थितिहै
- विद्यालय में सीटी टीवी कैमरे हैं कि नहीं
- विद्यालय में पेयजल व्यवस्था
- विद्यालय तक पहुंचने के लिए रास्ता
- विद्यालय में शौचालय की उचित व्यवस्था
- प्रश्नपत्र के रखरखाव के लिए अलमारी आदि की व्यवस्था
जिन प्रधानाचार्य और कॉलेज संचालकों ने अभी तक आधारभूत सुविधाओं को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड नहीं किया है वे जल्द अपलोड कर दें अन्यथा किसी भी प्रकार की दिक्त के लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे। - सुधीर कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक