कासगंज। स्कूली वाहनों के चेकिंग अभियान के दौरान दो वाहनों के फिटनेस और परमिट नहीं पाए जाने पर संचालन पर रोक लगाई गई है। वहीं छह स्कूली वाहन कमियों के चलते फिटनेस पूर्ण नहीं होने पर उनके चालान किए गए। स्कूली वाहनों के चेकिंग अभियान लगातार जारी है। यह अभियान 22 जुलाई तक चलेगा। जिसमें सभी स्कूली वाहनों के फिटनेस, परमिट सहित अन्य कमियों को पूर्ण कराए जाने पर जोर दिया जा रहा है। बृहस्पतिवार को एआरटीओ रामप्रकाश मिश्र ने टीम के साथ स्कूली वाहनों की चेकिंग सिढ़पुरा, अमांपुर और पटियाली क्षेत्र में चलाया गया। इस दौरान छह बसें ऐसी पाई गईं, जिसमें अग्निशमन यंत्र में सिलिंडर री-फिल की तिथि निकल चुकी है। साथ ही उनके फिटनेस सर्टिफिकेट नहीं थे। कुछ अन्य कमियों के पाए जाने पर चालान करने की कार्रवाई की गई। वहीं दो स्कूली वाहन के फिटनेस और परमिट नहीं मिलने पर संचालन बंद कराया गया है। एआरटीओ रामप्रकाश मिश्र ने बताया कि स्कूली वाहनों की चेकिंग अभियान जारी है। स्कूली वाहन संचालक एवं स्कूल के प्रबंधक स्कूली वाहनों का संचालन तभी करें जब वाहन की फिटनेस पूर्ण हो और वैध परमिट हो। यदि कोई कमी है तो शीघ्र पूर्ण करा लें।