कासगंज। फिट इंडिया क्विज-2023 केेे लिए खेल मंत्रालय ने छात्र-छात्राओं को आवेदन करने के लिए बड़ी राहत दी है। अब बिना शुल्क के ही आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन के लिए 31 अक्तूबर तक का समय है। अभी तक 29 विद्यालयों ने ही पंजीकरण कराए हैं।
फिट इंडिया मूवमेंट के तहत आयोजित होने वाली प्रतियोगिता में (सभी बोर्ड के) छात्र-छात्राएं शामिल हो सकते हैं। ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता के लिए प्रत्येक स्कूल को दो छात्रों का पंजीकरण कराना अनिवार्य है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए 100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया। आवेदन करने के लिए 5 अक्तूबर अंतिम तिथि निर्धारित की गई, लेकिन अपेक्षाकृत आवेदन नहीं आए। अब प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आवेदक बिना शुल्क के ही अपना आवदेन कर सकेंगे।
आवेदन के लिए 31 अक्तूबर तक की तिथि निर्धारित की गई है। प्रतियोगिता में भारतीय खेल का इतिहास, पारंपरिक खेल, योग पर्सनालिटी, फिटनेस टॉपिक (भारत के पारंपरिक तरीकों पर फोकस), ओलंपिक कॉमनवेल्थ गेम्स, एशियन गेम्स, खेलो इंडिया गेम्स , फिट इंडिया मिशन, प्रमुख घरेलू एवं अंतर्राष्ट्रीय लीग आईपीएल, आईएसएल, ला लीग, बिग बैश लीग, बाक्सिंग, मोटो रेसिंग खेल और फिटनेंस के बारे में राष्ट्रीय अंतर्राष्ट्रीय विकास आदि से जुडे प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रतियोगिता तीन चरण में होगी। पहली स्कूल स्तर पर, दूसरी राज्य एवं तीसरी राष्ट्रीय स्तर पर होगी। प्रतियोगिता में विजेता को 2.50 लाख रुपये तथा स्कूल के लिए 25 लाख रुपये तक इनाम जीतने का मौका है।